:: बिजनेस में घाटे के बाद ऑनलाइन सीखी ड्रग्स बनाना; 3.8 किलो मेफेड्रोन और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त :: इंदौर/अशोकनगर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में इंदौर नारकोटिक्स विंग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चंदेरी के एक स्थानीय उद्योगपति और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3.8 किलोग्राम मेफेड्रोन (ठोस और तरल रूप में) और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया गया है। मियाऊ मियाऊ के नाम से चर्चित यह सिंथेटिक ड्रग युवाओं और किशोरों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। उप महानिरिक्षक (नारकोटिक्स) महेश चंद्र जैन ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात कद्रना गांव के एक मकान में छापा मारा गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रियांशु जैन (31) एक उद्योगपति है, जिसे व्यापार में भारी घाटा हुआ था और वह कानूनी परेशानियों से जूझ रहा था। कर्ज और घाटे की भरपाई के लिए उसने अपने साथी राघवेंद्र सिंह परमार (38) के घर पर यह अवैध यूनिट स्थापित की थी। आरोपियों ने मेफेड्रोन बनाने की पूरी प्रक्रिया इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन सीखी थी। :: हथियार और भारी मात्रा में रॉ-मटेरियल बरामद :: पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.28 किलोग्राम ठोस मेफेड्रोन, 2.58 किलोग्राम लिक्विड मेफेड्रोन और लगभग 45 किलोग्राम कच्चा माल जब्त किया है। इसके अलावा, प्रियांशु जैन के पास से एक .32 बोर की पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। डीआईजी के अनुसार, आरोपी ड्रग्स बनाने के लिए आवश्यक विशेष रसायन खरीदने के लिए अक्सर इंदौर आता था। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर के जरिए उसके संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली और जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया गया। :: इंदौर से जुड़े हैं सप्लाई के तार :: पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इस फैक्ट्री में तैयार माल को इंदौर और आसपास के बड़े शहरों में सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन आरोपियों के साथ और कौन से लोग इस गिरोह में शामिल हैं और उन्होंने अब तक कितनी मात्रा में ड्रग्स बाजार में खपा दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। प्रकाश / 11 जनवरी 2026