11-Feb-2026
...


:: स्कूटर पर निकले महापौर और विधायक; संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण कर दी स्वास्थ्य की सौगात :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की बुनियादी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को वार्ड 74 से संकल्प से समाधान जनता चौपाल की शुरुआत की। मां अहिल्या उद्यान (विष्णुपुरी) एवं पिपलिया पाला गांव में आयोजित पहली चौपाल में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं व सुझाव सीधे महापौर के समक्ष रखे। महापौर ने घोषणा की कि अब यह जनता चौपाल सप्ताह में दो दिन आयोजित की जाएगी ताकि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का स्थल पर ही निराकरण सुनिश्चित हो सके। :: स्कूटर से किया बस्तियों का भ्रमण :: संवाद के बाद महापौर भार्गव और विधायक मधु वर्मा ने स्कूटर पर सवार होकर विष्णुपुरी, भोलाराम उस्ताद मार्ग, रिंग रोड, इंद्रपुरी, जीत नगर, एकता नगर और पिपलिया राव जैसे क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। गलियों के निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को ड्रेनेज, सड़क और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता चौपाल में प्राप्त आवेदनों की वे स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे और समयसीमा में उनका निराकरण किया जाएगा। :: पिपलिया पाला को मिला संजीवनी क्लिनिक :: दौरे के दौरान महापौर एवं विधायक ने पिपलिया पाला में नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण किया। महापौर ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के जरूरतमंदों को अब निःशुल्क उपचार और दवाएं अपने घर के पास ही मिल सकेंगी। उन्होंने नागरिकों से उद्यान विकास में जनभागीदारी, सोलर ऊर्जा अपनाने और वाटर रिचार्जिंग की भी अपील की। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा (बबलू), पार्षद सुनीता हार्डिया और अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। :: इन प्रमुख मुद्दों पर हुआ मंथन :: चौपाल के दौरान नागरिकों ने मुख्य रूप से अवैध अतिक्रमण, हॉस्टल्स से फैलने वाली गंदगी, नई ड्रेनेज लाइन, खेल मैदान की आवश्यकता और स्ट्रीट डॉग्स की समस्या को उठाया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा हेतु वार्ड स्तर पर समिति गठन और अंधेरे क्षेत्रों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की गई। विधायक मधु वर्मा ने कहा कि पार्किंग और अतिक्रमण जैसी चुनौतियों से निपटने में नागरिकों का सहयोग अनिवार्य है। महापौर ने बताया कि वर्तमान परिषद अब तक 1400 किमी सड़क और 1200 किमी पानी व ड्रेनेज लाइन का कार्य पूर्ण कर चुकी है। प्रकाश / 11 जनवरी 2026