अंतर्राष्ट्रीय
12-Feb-2026
...


जेफरी एफस्टीन की प्रेमिका ने सांसदों से फिर लगाई गुहार वाशिंगटन (ईएमएस)। एपस्टीन फाइल्स के खुलासों से दुनिया सन्न रह गई है। इस फाइल ने ऐसी सच्चाइयां उजागर की है जिस पर किसी को यकीन नहीं होता है। अब वीवीआईपी चेहरों को एक्सपोज करने वाली स्कैंडल की अहम किरदार और कांड के मुख्य दोषी जेफरी एफस्टीन की प्रेमिका घिसलेन नोएल मैरियन मैक्सवेल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से क्षमादान की मांग की है। घिसलेन और एपस्टीन की कहानी एक जटिल और अंधेरे स्कैंडल की ओर इशारा करती है, जो सेक्स ट्रैफिकिंग, शोषण और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़ी हुई है। मैक्सवेल और एपस्टीन की कभी न सिर्फ अमेरिका बल्कि वर्ल्ड पॉवर कॉरिडोर में तूती बोलती थी। जहां दुनिया भर के रईस अपनी कुत्सित और गंदी इच्छाएं पूरी करने के लिए जमा होते थे। घिसलेन मैक्सवेल ब्रिटिश सोशलाइट और पूर्व मीडिया मोगुल रॉबर्ट मैक्सवेल की बेटी हैं। 1961 में पैदा हुई मैक्सवेल एपस्टीन की पूर्व गर्लफ्रेंड और करीबी साथी रही है। मैक्सवेल पर आरोप था कि उन्होंने एपस्टीन के साथ मिलकर नाबालिग लड़कियों को सेक्स ट्रैफिकिंग के लिए लुभाकर उनका शोषण किया। 2020 में उन्हें गिरफ्तार किया और 2021 में न्यूयॉर्क की अदालत में चाइल्ड सेक्स ट्रैफिकिंग और अन्य अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया। अमेरिकी अदालत ने उन्हें 20 साल की जेल की सजा सुनाई। मैक्सवेल फिलहाल टेक्सास की एक फेडरल जेल में सजा काट रही हैं। मैक्सवेल ने राष्ट्रपति ट्रंप से अपनी सजा माफ करने की अपील की है। लेकिन अब तक असफल रही हैं। हालांकि उनके वकील डेविड ऑस्कर मार्कस ने कमिटी को बताया कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप उन्हें क्षमा या सजा में कमी कर दें, तब मैक्सवेल पूरी तरह से और ईमानदारी से बोलने को तैयार हैं। यानी कि ऐसी स्थिति में मैक्सवेल एपस्टीन से जुड़े सभी राज खोलने को तैयार हैं। एपस्टीन की पूर्व गर्लफ्रेंड मैक्सवेल ने हाउस के सांसदों से कहा कि अगर प्रेसिडेंट ट्रंप उनकी जेल की सज़ा खत्म कर देते हैं, तब वह यह गवाही देने को तैयार हैं। कमिटी के चेयरमैन जेम्स कोमर ने खारिज कर कहा कि मैक्सवेल दया की पात्र नहीं हैं, क्योंकि वे एक बहुत बुरी इंसान हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने मैक्सवेल की मांग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि ट्रंप का नाम भी घूम फिरकर एपस्टीन फाइल में आता रहता है। एपस्टीन फाइल की जांच कर रही अमेरिकी एजेंसियां इसतरह के किसी भी व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं जो एपस्टीन से जुड़ा था और जिसने उसके गलत काम में मदद की हो। अब तक खुलासों से पता चला है कि कैसे ट्रंप और क्लिंटन दोनों ने 1990 और 2000 के दशक की शुरुआत में एपस्टीन के साथ समय बिताया था, लेकिन उन पर गलत काम करने का आरोप नहीं लगाया गया है। बात दें कि एपस्टीन नाबालिग लड़कियों को सेक्सुअल एब्यूज के लिए इस्तेमाल करता था, और इस स्याह काम में मैक्सवेल उसकी मुख्य रिक्रूटर थीं। मैक्सवेल लड़कियों को लुभातीं, ट्रेन करतीं और एपस्टीन के पास ले जातीं थी। आशीष/ईएमएस 12 फरवरी 2026