-सभी मृतक मध्यप्रदेश के जबलपुर के रहने वाले, हादसे के बाद लगा जाम नई दिल्ली,(ईएमएस)। जयपुर के चाकसू में शनिवार तड़के कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर एक तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मारे गए सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। चाकसू पुलिस स्टेशन के एसएचओ के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे चाकसू में टिगरिया मोड़ के पास हुआ। कार मध्य प्रदेश से जयपुर की ओर जा रही थी, तभी ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और लाशें अंदर बुरी तरह फंस गईं। बताया जा रहा है कि एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मरने वालों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग के तौर पर हुई है। पांचवें मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। रजक राहुल जबलपुर शहर का रहने वाला था। हादसे की वजह से नेशनल हाईवे पर बड़ा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सीडेंट रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और हाईवे को साफ कराया। क्रेन की मदद से गाड़ियों को हटाया गया और ट्रैफिक चालू किया गया। सभी शवों को मॉर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिवार वालों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26