अंतर्राष्ट्रीय
12-Feb-2026
...


-डेमोक्रेट सांसद खन्ना और रिपब्लिकन सांसद मैसी ने न्याय विभाग पर लगाए आरोप वाशिंगटन,(ईएमएस)। कुख्यात यौन अपराधी और कारोबारी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को लेकर अमेरिका में एक बार फिर राजनीतिक भूचाल आ गया है। डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना और रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने न्याय विभाग पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि एपस्टीन फाइल्स में कई प्रभावशाली लोगों के नाम छिपाए गए हैं। दोनों सांसदों ने खुद न्याय विभाग पहुंचकर बिना संपादित दस्तावेजों की समीक्षा की और छह नए नाम सार्वजनिक किए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खन्ना और मैसी ने बताया कि जिन छह नामों को अब तक सार्वजनिक दस्तावेजों में प्रमुखता से नहीं दिखाया गया, उनमें अरबपति कारोबारी लेस्ली वेक्सनर, निकोला कापुतो, लिओनिक लिओनोव, जुराब मिकेलाद्ज़े, सुल्तान अहमद बिन सुलेयम और साल्वातोर नुआरा शामिल हैं। खन्ना ने एक्स पर सवाल उठाया कि यदि वे खुद न्याय विभाग न जाते, तो क्या ये नाम कभी सामने आते? रिपोर्ट के मुताबिक रो खन्ना ने आरोप लगाया कि करीब 30 लाख पन्नों के दस्तावेजों में से 70 से 80 फीसदी सामग्री अब भी ‘रेडक्टेड’ है यानी उसे काला कर दिया है जिसे पढ़ने योग्य नहीं छोड़ा है। उनका दावा है कि इस तरह अहम जानकारियां छिपाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मार्च में ही एफबीआई ने कुछ फाइलों को “स्क्रब” कर दिया था। खन्ना के मुताबिक ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ के तहत कथित साजिशकर्ताओं के नाम छिपाने की अनुमति नहीं है, फिर भी ऐसा किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी में सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों का दायरा बेहद व्यापक है। इनमें 30 लाख से ज्यादा पन्ने, 2,000 से ज्यादा वीडियो और करीब 1.8 लाख तस्वीरें शामिल हैं। इन खुलासों के बीच एक और दस्तावेज ने विवाद को जन्म दिया है- 330 गैलन सल्फ्यूरिक एसिड की खरीद की रसीद। रिकॉर्ड के मुताबिक 12 जून 2018 को एपस्टीन के निजी द्वीप ‘लिटिल सेंट जेम्स’ पर 55-55 गैलन के छह ड्रम तेजाब पहुंचाए गए थे। यह वही दिन था जब एफबीआई ने आधिकारिक तौर पर एपस्टीन के सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क की जांच शुरू की थी। सोशल मीडिया पर इस संयोग को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ यूजर्स ने आशंका जताई कि इतनी बड़ी मात्रा में एसिड का इस्तेमाल सबूत मिटाने के लिए किया जा सकता था। हालांकि दस्तावेजों में मौजूद पुराने ईमेल के मुताबिक यह एसिड द्वीप पर लगे आरओ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के रखरखाव के लिए मंगाया गया था, जहां पानी के पीएच स्तर को नियंत्रित करने के लिए सल्फ्यूरिक एसिड का इस्तेमाल सामान्य तकनीकी प्रक्रिया मानी जाती है। बता दें जेफ्री एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों की तस्करी और सेक्स रैकेट चलाने के आरोप थे। 2019 में जेल में उसकी संदिग्ध मौत हो गई थी, लेकिन उससे जुड़े रहस्य अब भी अमेरिकी राजनीति और न्याय प्रणाली को झकझोर रहे हैं। नए आरोपों और खुलासों के बीच पारदर्शिता को लेकर बहस और तेज हो गई है। सिराज/ईएमएस 12 फरवरी 2026