राष्ट्रीय
12-Feb-2026
...


कानपुर (ईएमएस)। शहर की सड़कों पर फर्राटा भरती रफ्तार आखिरकार कानून के स्पीड ब्रेकर से टकरा ही गई। ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर हुए लैंबोर्गिनी हादसे के आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। तेज रफ्तार कार से छह लोगों को घायल करने वाली यह घटना अब ‘हाई-प्रोफाइल रफ्तार बनाम आम सड़क’ की कहानी बन गई है। हादसे के बाद आरोपी के पिता ने बेटे के दिल्ली में इलाज का दावा किया, लेकिन पुलिस की ‘लोकेशन सर्विस’ कुछ और ही बता रही थी। करीब 90 घंटे की तलाश के बाद स्पेशल टीम ने शिवम को कानपुर से ही पकड़ लिया। इस बीच शहर में चर्चा यही रही कि रफ्तार भले ही सुपरकार की हो, गिरफ्तारी लोकल ही होती है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी, फिर मोटरसाइकिल से जा भिड़ी और एक सवार हवा में उछल गया। हादसे ने एक बार फिर सवाल उठाया है क्या, महंगी गाड़ी के साथ सड़क पर ‘अतिरिक्त अधिकार’ भी मिल जाते हैं? जवाब साफ है: ट्रैफिक नियमों में ब्रांड का कोई कॉलम नहीं होता। पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में कार्रवाई तेज रही। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।