राज्य
12-Feb-2026
...


- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात देहरादून (ईएमएस)। राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे खांड गांव में बुधवार रात गुलदार ने घर के आंगन से पालतू कुत्ते को उठा लिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गुलदार आबादी के आसपास लगातार दिखाई दे रहे हैं और पालतू पशुओं को निशाना बना रहे हैं। भवानी देवी के घर में घुसे गुलदार ने मौके का फायदा उठाकर पालतू कुत्ते को जबड़े में दबोचा और चंद सेकंड में ओझल हो गया। सुबह फुटेज देखने पर परिवार और पड़ोसियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि हाल के दिनों में गुलदार की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। गैरसैंण के कुनीगाड क्षेत्र में भी गुलदार का आतंक जारी है। मंगलवार रात एक गोशाला में घुसकर उसने बछड़े को मार डाला। इससे पहले उसी स्थान पर दुधारू गाय को भी शिकार बनाया गया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और आबादी क्षेत्र में सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।