राज्य
12-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। केंद्र सरकार की चार नई श्रम संहिताओं और अन्य नीतियों के विरोध में आज 12 फरवरी को देश की 10 प्रमुख ट्रेड यूनियनों और 100 से अधिक जन संगठनों ने हड़ताल का आह्वान किया है। छत्तीसगढ़ में इसका मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। ट्रेड यूनियन से जुड़े श्रमिक छाल कोल खदान के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। हड़ताल के चलते छाल सहित जिले की चार कोयला खदानें बंद हैं, जिससे कोयला परिवहन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। यूनियन नेताओं का कहना है कि नई श्रम संहिताओं से मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे। उनका आरोप है कि स्थायी नौकरियों की जगह फिक्स टर्म रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है, कार्य अवधि 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे तक की जा सकती है तथा कोल इंडिया के निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ेंगे। साथ ही वेतन, सुविधाएं, जमीन के बदले नौकरी, पुनर्वास प्रावधानों और ट्रेड यूनियनों के रजिस्ट्रेशन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले रायपुर में हड़ताल के समर्थन में बुधवार को कर्मचारी भवन बूढ़ापारा से मशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सभा में तब्दील हो गई। हालांकि, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इस हड़ताल को समर्थन नहीं दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026