राज्य
12-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यार्ड में डंप कर रखा करीब 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त किया है। लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गुटखा स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने रेड और गुटखा जब्ती की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। बताया जा रहा है कि डीसीपी मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और खमतराई थाना प्रभारी की टीम ने यार्ड में दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस गोदाम संचालक से पूछताछ कर रही है और सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026