-बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सदन में किया प्रस्ताव पेश नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सदन में प्रस्ताव पेश किया जिसमें राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने और चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद देश को गुमराह कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील करके मोदी सरकार ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है और उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को निशिकांत दुबे ने कहा कि मैंने आज लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक प्रस्ताव पेश किया है कि कैसे वह सोरोस जैसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं, जो देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। मैंने जो प्रस्ताव पेश किया है, उसमें मैंने अनुरोध किया है कि राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए और उन्हें जीवन भर चुनाव लड़ने से रोक दिया जाना चाहिए। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा मैं मानता हूं राहुल गांधी गंभीर पद पर हैं और उन्हें अपनी पद की गंभीरता को समझना जरूरी है। ऐसे मुझे लगता है ये विशेषाधिकार प्रस्ताव एक अधिकार है हर किसी पास कि अगर कोई ऐसी बातें करता है जिसका कोई मायने नहीं है तो ऐसा कदम उठाया जा सकता है अभी ये होगी या नहीं ये अभी कंफर्म नहीं है...। बात दें बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सत्तापक्ष के सदस्यों की टोका-टाकी के बीच कहा था कि भारत-अमेरिका समझौते में देश के किसानों के हितों को कुचल दिया गया, जैसा आज से पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया और आगे भी कोई नहीं करेगा। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि अमेरिका-भारत व्यापार समझौते में क्या हुआ। अगर हम इंडिया गठबंधन में अमेरिका के राष्ट्रपति से बातचीत कर रहे होते, तो हम एक बात बिल्कुल साफ करते कि इस पूरे समीकरण में सबसे अहम पूंजी भारतीय डेटा है। अगर अमेरिका डॉलर को सुरक्षित रखना चाहता है, तो उसे यह मानना होगा कि भारतीय डेटा एक रणनीतिक पूंजी है और किसी भी चर्चा को बराबरी के स्तर पर होना चाहिए, मालिक और नौकर की तरह नहीं। उन्होंने आगे कहा था कि हम यह भी स्पष्ट करते कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं हो सकता और जहां अमेरिका अपने किसानों की रक्षा करेगा, वहीं हम अपने किसानों की रक्षा करेंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार बराबरी की ताकत की तरह बातचीत करती, भारत को पाकिस्तान के बराबर नहीं खड़ा करने देती और ऐसे किसी भी प्रतीकात्मक अपमान पर कड़ा विरोध दर्ज कराती। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का हवाला देते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार भारतीय किसान एक भयानक तूफान का सामना कर रहे हैं। सिराज/ईएमएस 12फरवरी26