- चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज अंबरनाथ, (ईएमएस)। अंबरनाथ पूर्व के बी केबिन रोड इलाके में हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11.30 बजे शिकायतकर्ता मनेश संजय गंगावणे (उम्र 26) अपने दोस्तों के साथ दत्तकुटीर इलाके में अलाव के पास बैठा था। इसी समय गणेश गुंजाल, सुनील फाटे, ऋतिक शिर्के और पंकज शिर्के शराब पीने के लिए वहां आए। मामूली कहासुनी पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने अपनी सुजुकी एक्सेस कार की डिक्की से बंदूक जैसा हथियार निकाला और शिकायतकर्ता से कुछ दूरी पर हवा में दो गोलियां चलाईं और इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना के बाद, मनेश गंगावणे शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चार लोगों, गणेश गुंजाल, सुनील फाटे, पंकज शिर्के और ऋतिक शिर्के के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 352, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जय बारवकर कर रहे हैं। संतोष झा- १२ फरवरी/२०२६/ईएमएस