क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


- काली पट्टी लगाकर जताया विरोध सरगुजा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन शाखा अंबिकापुर क्षेत्र ने अखिल भारतीय विद्युत कामगार महासंघ के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में विरोध-प्रदर्शन किया। अंबिकापुर सहित कई स्थानों पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने काली पट्टी लगाकर केंद्र सरकार के प्रस्तावित विद्युत अधिनियम संशोधन और निजीकरण के विरोध में आवाज बुलंद की। काम पर जाने से पहले कर्मचारियों ने प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल को विभाग के नियमित, संविदा, ठेका, आउटसोर्स कर्मचारी और कुछ अधिकारियों का भी समर्थन मिला। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्यस्थलों पर पहुंचे और मुख्य द्वार पर विरोध जताने के बाद अपने कार्य में जुटे। जनता यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष जेपी पटेल और क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता के नेतृत्व में पिछले दो दिनों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया था, जिससे हड़ताल को उल्लेखनीय समर्थन मिला। कर्मचारियों का कहना है कि भारत सरकार द्वारा लाए जा रहे विद्युत अधिनियम संशोधन से बिजली क्षेत्र के निजीकरण का रास्ता खुल सकता है। ट्रेड यूनियन संगठनों के अनुसार इससे बिजली सेवाएं कॉर्पोरेट और फ्रेंचाइजी नियंत्रण में जा सकती हैं, जिसका असर बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी और उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ के रूप में पड़ सकता है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026