- काली कमाई की अकूत संपत्ति ईडी ने की अटैच जबलपुर (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भोपाल जोनल कार्यालय ने जबलपुर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के पूर्व उप निदेशक जगदीश प्रसाद सरवटे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी 11.81 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) जबलपुर द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि सरवटे ने पद का दुरुपयोग कर अवैध धन अर्जित किया और उसे मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए विभिन्न अचल संपत्तियों में निवेश किया। ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक छापेमारी में खुलासा हुआ था कि अवैध कमाई को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगाया गया था। इनमें कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के पास स्थित मराठा रिसॉर्ट और मंडला रोड पर जायका रेस्टोरेंट शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा अधारताल स्थित पैतृक आवास से बाघ की खाल और बड़ी मात्रा में महंगी शराब बरामद होने पर उनकी मां सावित्री सरवटे के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई थी। ईडी की जांच में पाया गया कि आरोपी ने भोपाल, मंडला, उमरिया और सिवनी जिलों में कई संपत्तियां अर्जित कर रखी थीं। इनमें आवासीय मकान, कृषि भूमि, व्यावसायिक भूखंड और रेस्टोरेंट शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ संपत्तियां नकद भुगतान से खरीदी गईं, जबकि कुछ के लिए लिए गए ऋण अज्ञात स्रोतों से जमा नकदी से चुकाए गए। सरवटे ने सेवा काल के दौरान आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की और उसे प्लेसमेंट, लेयरिंग तथा इंटीग्रेशन की प्रक्रिया के माध्यम से वैध संपत्ति के रूप में प्रदर्शित करने का प्रयास किया। फिलहाल ईडी ने संपत्तियों के हस्तांतरण को रोकने के लिए जब्ती की कार्रवाई कर दी है और मामले की आगे जांच जारी है। सुनील साहू / शहबाज / 13 फरवरी 2026