राज्य
14-Apr-2026
...


- परिचितो को व्हाट्सएप मैसेज कर मांगे जा रहे पैसे इन्दौर (ईएमएस) साइबर अपराधियों का साफ्ट टारगेट बन चुके शहर इन्दौर में इन अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते इन्दौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को ही अपना टारगेट बनाया। साइबर अपराधियों ने चिंटू चौकसे का मोबाइल हैक कर लिया और उनके वाट्सऐप का इस्तेमाल कर उनके परिचितों से पैसों की डिमांड कर रहे हैं। जानकारी लगते ही चिंटू चौकसे ने तुरंत क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। चिंटू चौकसे के अनुसार वे आज अपने वार्ड के नियमित कार्यों में व्यस्त थे इस दौरान उन्हें एक कॉल आया और सामने वाले ने कहा कि उनका पार्सल आया है, लेकिन पार्सल वाले को एड्रेस (लोकेशन) नहीं मिल रही है आप इस नंबर पर कॉल करके लोकेशन बता दो। पहले तो चिंटू चौकसे को आश्चर्य हुआ, क्योंकि उन्होंने कोई ऑर्डर नहीं किया था, फिर उन्हें लगा कि कोई टी-शर्ट का एक्सचेंज होगा। हो सकता है उसे एड्रेस नहीं मिल रहा है। इस पर चिंटू ने संबंधित द्वारा दिए नंबर पर दो से तीन बार कॉल किया परन्तु उसका फोन नहीं लगा तो वे फिर अपने काम में व्यस्त हो गए। लेकिन इसके बाद उनके मोबाइल पर कॉल आना बंद हो गए। इसी दौरान हैकर ने उनके मोबाइल को हैक कर उनक वाट्सऐप के जरिए परिचितों को मैसेज करना शुरू कर दिया कि उन्हें पैसों की अर्जेंट जरूरत है और वे पैसे भेज दे। इन मैसेज में हैकर ने 50 से 55 हजार रुपए की डिमांड लोगों से की। पैसों की डिमांड के मैसेज मिलने पर परिचित लोगों ने चिंटू चौकसे से संपर्क कर पूछा कि ऐसा क्या हो गया है कि आपको पैसों की जरूरत आ गई। तब चिंटू चौकसे को पूरा मामला समझ में आया कि उनका वाट्सऐप हैक हो गया है। जिसके बाद उन्होंने उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील कर डीसीपी क्राइम ब्रांच को मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। आनंद पुरोहित/ 14 फरवरी 2026