यात्रियों में हड़कंप, प्रशासन ने धैर्य रखने की अपील की कोलकाता (ईएमएस)। कोलकाता से शिलॉन्ग जाने वाली फ्लाइट में तब हड़कंप मच गया, जब विमान में एक धमकी भरा नोट मिला। उसमें साफ लिखा था कि प्लेन के अंदर बम है। ये धमकी वाला नोट मिलते ही पूरा एयरपोर्ट हिल गया और पैसेंजर्स में दहशत फैल गई। इसके बाद सिक्योरिटी एजेंसियां तुरंत एक्शन में आई और फ्लाइट को तुरंत कोलकाता एयरपोर्ट पर ही खाली कराया गया। विमान को अलग बे में खड़ा कर चेकिंग शुरू हो गई। अभी तक कोई बम नहीं मिला है, लेकिन घटना से यात्रियों में हड़कंप है। दरअसल, यह घटना शनिवार सुबह की है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शिलॉन्ग के लिए उड़ान भरने वाली थी। बोर्डिंग प्रक्रिया चल रही थी, तभी एक क्रू मेंबर ने विमान के टॉयलेट में एक छोटा सा कागज देखा। उस पर हाथ से अंग्रेजी में लिखा था कि प्लेन में बम है। इसके बाद क्रू मेंबर के होश उड़ गए। क्रू मेंबर ने तुरंत कैप्टन को सूचना देकर एयरपोर्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। कुछ ही मिनटों में सायरन बजने लगे। इसके बाद प्लेन को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीडीएस), सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) और डॉग स्क्वायड ने छानबीन शुरू की। विमान में बैठे सभी पैसेंजर्स को प्लेन से बाहर निकाला गया। विमान के हर कोने-टॉयलेट, सीट्स, कैबिनेट और कार्गो होल्ड-की बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि, अभी तक किसी बम के मिलने की सूचना नहीं है। बहरहाल, इसके पहले 30 जनवरी को कुवैत से दिल्ली लौट रहे इंडिगो विमान को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते फ्लाइट को अहमदाबाद में आपात लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी सामने आई थी कि इस विमान में 180 यात्रियों सहित 186 लोग सवार थे। एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, यात्रियों और विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। सुरक्षा टीम और बम निरोधक दस्ते द्वारा विमान की गहन तलाशी ली जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित बताते हुए यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। आशीष दुबे/ 14 फरवरी 2026