* 3500 जवानों की तैनाती, भारत-पाक हाई वोल्टेज मैच को लेकर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था वडोदरा (ईएमएस)| शहर में वर्षों से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वडोदरा शहर में शिवजी की भव्य सवारी निकाली जाती रही है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप भगवान शिव अपने परिवार सहित सुसज्जित रथ में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। शिव परिवार के दर्शन के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ता है और वडोदरा रोड श्रद्धालुओं से खचाखच भर जाता है। इस बार आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिवजी की सवारी में शामिल होंगे। वे सुरसागर में आयोजित महाआरती में भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त किया गया है। शहर के मध्य में सुवर्णजड़ित शिवजी की प्रतिमा की स्थापना की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर यात्रा के दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जो धार्मिक और सांस्कृतिक संदेशों से ओतप्रोत होंगी। शिवजी की सवारी का प्रस्थान प्रतापनगर स्थित रणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर से होगा। सुरसागर में महाआरती के बाद यह यात्रा एसएसजी गेट के पास निर्धारित स्थान पर समाप्त होगी। इधर, महाशिवरात्रि के साथ ही श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज क्रिकेट मुकाबला भी खेला जाएगा। ऐसे में धार्मिक आयोजन और क्रिकेट मैच को लेकर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। सुरक्षा के मद्देनज़र 9 डीसीपी, 14 एसीपी सहित कुल लगभग 3500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें, इसके लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। महाशिवरात्रि पर आस्था, भव्यता और सुरक्षा का यह संगम वडोदरा में एक बार फिर ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। सतीश/14 फरवरी