अहमदाबाद (ईएमएस)| भारतीय रेल द्वारा गुजरात में आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए असारवा–उदयपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू की जा रही है। यह गुजरात की छठी वंदे भारत ट्रेन होगी, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्री सुविधा, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी। भारतीय रेल अपग्रेड किए गए स्टेशनों, नई रेल लाइनों और अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। असारवा–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस इसी प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण है। यह अत्याधुनिक ट्रेन रिक्लाइनिंग एवं आरामदायक सीटों, स्लाइडिंग दरवाजों, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बायो-टॉयलेट, स्वचालित प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सीसीटीवी कैमरों जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यह ट्रेन यात्रियों को विश्वस्तरीय आराम प्रदान करते हुए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगी। Ø उद्घाटक सेवा: ट्रेन संख्या 09663 उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 16 फरवरी 2026 को उदयपुर सिटी से 12.25 बजे प्रस्थान करेगी तथा 17.15 बजे असारवा पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी। Ø नियमित सेवा: (सप्ताह में 6 दिन मंगलवार को छोडकर) ट्रेन संख्या 26964 असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोडकर) असारवा से 17.45 बजे प्रस्थान करेगी तथा 22.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोडकर) उदयपुर सिटी से 06.10 बजे प्रस्थान करेगी तथा 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी। मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर तथा जावर स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार सहित कुल 8 कोच रहेंगे। ट्रेन सं. 26964 की बुकिंग 15 फरवरी 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। ट्रेनों के ठहराव, समय और संरचना के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए यात्री कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं। सतीश/14 फरवरी