14-Feb-2026
...


मेरठ (ईएमएस)। यूपी के मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के कस्बा लावड़ में शनिवार को पारिवारिक कहासुनी के चलते छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी छोटे भाई को हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे लावड़ में जॉनी (30) और उसके छोटे भाई अरुण के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई अरुण ने आवेश में आकर बड़े भाई जॉनी की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। इस खौफनाक हमले में जॉनी गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जॉनी को खून से तरबतर देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल जॉनी को दौराला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जॉनी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई अरुण को घटनास्थल से ही चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। चाकू खून से सना हुआ था। जितेन्द्र 14 फरवरी 2026