राज्य
14-Feb-2026


इन्दौर (ईएमएस) ब्लैकमेलिंग और झूठी शिकायतों के जरिए फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाते सियागंज के व्यापारी फैसल इब्राहिम ने पुलिस कमिश्नर और एमआईजी थाने में शिकायत के साथ-साथ कोर्ट में परिवाद भी दायर किया है। फैसल इब्राहिम ने अपनी शिकायत में कहा है कि पलासिया क्षेत्र में ऑप्टिकल दुकान संचालित करने वाला इरशाद उन्हें बदनाम करने और झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहा है। इरशाद ने उनके एक परिचित सैय्यद शाहिद अली के मोबाइल पर संदेश भेजा और उनके खिलाफ गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाए थे। संदेश में उन्हें कुछ विवादित गतिविधियों से जोडने की बात लिखी गई थी, जिसे वे पूरी तरह निराधार बताते हैं। फैसल के अनुसार उनका इरशाद से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं रहा, फिर भी कुछ समय से वह उनका पीछा कर उन्हें उकसाने का प्रयास कर रहा था। जहां जाते, इरशाद वहां पहुंचकर घूरता ताकि विवाद की स्थिति पैदा हो सके। फैसल ने बताया उन्हें बाणगंगा थाना से एक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें वही आरोप थे जो इरशाद ने निजी तौर पर लगाए थे। हालांकि शिकायत किसी नीलेश शर्मा और प्रशांत पांडे के नाम से दर्ज बताई गई, जिन्हें फैसल पहचानते तक नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायतकर्ता को आमने-सामने बुलाकर साक्ष्य प्रस्तुत करने की मांग की है। यही नहीं मामले में थाने और पुलिस कमिश्नर के साथ फैसल ने अपने खिलाफ दर्ज आवेदनों के संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की है। उनका कहना है निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी और ब्लैकमेलिंग का पैटर्न सामने आता है तो अन्य पीड़ित भी सामने आ सकते हैं। व्यापारी के अनुसार, इरशाद 2017 में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं इरशाद की शैक्षणिक डिग्री भी संदिग्ध बता शिकायतें हुई थीं। फिलहाल मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है जांच कार्रवाई जारी है। आनंद पुरोहित/ 14 फरवरी 2026