राज्य
14-Feb-2026
...


:: पंधाना में 608 करोड़ के विकास कार्यों का तोहफा; सीएम बोले- बहनें ड्रोन दीदी बनकर रचेंगी नया इतिहास :: पंधाना/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को खण्डवा जिले के पंधाना में आयोजित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश की लाड़ली बहनों को महाशिवरात्रि का अग्रिम उपहार दिया। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 33वीं किस्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने खण्डवा के सर्वांगीण विकास के लिए 608 करोड़ रुपये से अधिक के 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नारी कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की बहनें अब केवल लखपति दीदी ही नहीं, बल्कि ड्रोन दीदी बनकर आधुनिक खेती और तकनीक में अपना परचम लहराएंगी। :: स्व-सहायता समूहों से आत्मनिर्भर हुई 62 लाख बहनें :: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नारी सशक्तिकरण का खाका खींचते हुए बताया कि प्रदेश में संचालित 5 लाख स्व-सहायता समूहों के माध्यम से अब तक 62 लाख बहनें आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने घोषणा की कि कृषक कल्याण वर्ष में बहनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और यदि वे कपास आधारित उद्योगों से जुड़ती हैं, तो उन्हें 5 हजार रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। उज्ज्वला योजना और मातृ वंदना योजना के तहत करोड़ों की राशि सीधे खातों में भेजने का सिलसिला भी निरंतर जारी है। :: खण्डवा को सिंचाई और बुनियादी ढांचे की सौगात :: जिले के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री ने 301 करोड़ की भाम सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही खण्डवा नगर निगम के लिए नई सीवरेज परियोजना, पंधाना में 3 करोड़ की लागत से बनने वाले बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैन बसेरे का भूमि-पूजन किया गया। किसानों के हित में पंधाना में प्याज प्रोसेसिंग यूनिट और सुक्ता माइक्रो सिंचाई परियोजना की भी स्वीकृति दी गई। पंधाना में नवीन शासकीय सांदीपनि विद्यालय का शुभारंभ कर शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ा गया। :: धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनेगा निमाड़ :: निमाड़ की सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि ओंकारेश्वर में 300 करोड़ की लागत से एकात्म धाम और स्टैच्यू ऑफ वननेस का कार्य पूर्ण होने पर यह अंचल विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने जल्द ही खण्डवा-ओंकारेश्वर-इंदौर के बीच नई रेल लाइन शुरू होने की जानकारी दी, जिससे दिल्ली-मुंबई तक कनेक्टिविटी सुलभ होगी। :: अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी :: मुख्यमंत्री ने कहा कि घर की लक्ष्मी के हाथ में पैसा आने से परिवार समृद्ध होता है। दुग्ध उत्पादन को 9% से बढ़ाकर 20% करने के लक्ष्य में महिलाओं की भूमिका अहम होगी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कुंवर विजय शाह और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का समापन लाड़ली बहनों पर पुष्प वर्षा और कन्या पूजन के साथ हुआ। प्रकाश / 14 फरवरी 2026