राज्य
14-Feb-2026
...


महापौर श्रीमती मालती राय व निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की उपस्थिति में दिया गया प्रेजेंटेशन केरल के दल ने सांसद आलोक शर्मा की उपस्थिति में भानपुर रिमेडिएशन साईट का जायजा भी लिया निगम मुख्यालय भवन एवं स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल एंड कमांड सेंटर को भी देखा निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने रेल्वे स्टेशन पर किया केरल के दल का आत्मीय स्वागत भोपाल(ईएमएस)। केरल प्रदेश के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के दल ने भोपाल नगर निगम द्वारा स्वच्छता की गतिविधियों व स्वच्छता हेतु किये गये नवाचारों, सीवेज नेटवर्किंग, जलापूर्ति, झीलों के संरक्षण, सौन्दर्यीकरण सहित अन्य जनसुविधा एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए केरल के नगरीय निकायों में भी भोपाल की तर्ज पर स्वच्छता का भोपाल माॅडल व नवाचारों सहित अन्य कार्यों को कार्य योजना में सम्मिलित करने की इच्छा जाहिर की। ‘‘विकसित केरलम्’’ कार्यक्रम के तहत केरल के विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के दल ने दो दिवसीय भोपाल प्रवास के प्रथम दिन महापौर श्रीमती मालती राय से निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की उपस्थिति में की गई सौजन्य भेंट के दौरान यह इच्छा जाहिर की। महापौर श्रीमती मालती राय ने केरल के जनप्रतिनिधियों का शाॅल, श्रीफल व पौधे भेंटकर स्वागत व सम्मान किया। आईएसबीटी स्थित महापौर कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को महापौर श्रीमती राय व निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी की उपस्थिति में निगम अधिकारियों ने नगर निगम द्वारा भोपाल शहर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की गतिविधियां, कचरा पृथक्कीकरण, परिवहन व निष्पादन, नवाचारों, अमृत योजना के अंतर्गत सीवेज नेटवर्किंग, जलापूर्ति के अलावा पर्यावरण संरक्षण, सौन्दर्यीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनसुविधा एवं विकास कार्यों की जानकारी पावर पाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से केरल के दल को दी। प्रेजेंटेशन के दौरान निगम के अपर आयुक्तगण श्रीमती अंजू अरूण कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरूण अवस्थी, गुणवंत सेवतकर, महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर व श्रीमती सुषमा बावीसा, उपायुक्त दिनेश सिंह, हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, जोन अध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता व श्रीमती बृजुला सचान, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा आदि मौजूद थे। इसके उपरांत महापौर श्रीमती मालती राय व निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी के साथ केरल के प्रतिनिधियों ने निगम परिषद सभाकक्ष का भी जायजा लिया। केरल के प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल के सांसद आलोक शर्मा की उपस्थिति में भानपुर की पुरानी खंती क्षेत्र का भी अवलोकन किया और यहां एकत्र पुराने कचरे के वैज्ञानिक ढंग से किये गये निष्पादन तथा लैण्ड रिक्लेम तथा हरितिमा विकास के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की और निगम द्वारा की गई रिमेडिएशन की कार्यवाही की सराहना भी की। इस दौरान महापौर परिषद के सदस्य आर.के.सिंह बघेल भी मौजूद थे। इससे पहले निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने रेल्वे स्टेशन पर केरल के प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया। केरल के पार्षदगण ने नगर निगम, भोपाल के नवनिर्मित मुख्यालय भवन, स्मार्ट सिटी कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का भी किया और आई.सी.सी.सी. की कार्य पद्धति व वाहनों की सतत रूप से की जा रही माॅनीटरिंग आदि की जानकारी भी प्राप्त की। अवलोकन के दौरान महापौर परिषद के सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षदगण तथा निगम अधिकारीगण भी मौजूद थे। विकसित केरलम् कार्यक्रम के तहत शहरी विकास जनभागीदारी, नगरीय निकायों की सफल कार्यप्रणाली को समन्वय व आपसी अनुभवों को सांझा करने के दृष्टिगत शनिवार को राजधानी भोपाल पहुंचे केरल के प्रतिनिधि मंडल में पारालम की ग्राम पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता, पुंजर ठेकेकारा ग्राम पंचायत के अध्यक्ष मिनर्वामोहन, मुदक्कल ग्राम पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शाईनी वी, थिरूविलवामाला ग्राम पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती शीला पानीकर, कोझीकोण नगर निगम के पार्षद टी. रिनीश, वालाचिरा नगरीय निकाय की श्रीमती सुजीता के.एस., कोंडाझी ग्राम पंचायत में संसदीय दल के नेता शशि कुमार एम.पी., कोडिनगिल्लूर नगरीय निकाय के सजीवन टी.एस., वैकम नगरीय निकाय के महेश एम.के., नेडूमगादू की पार्षद श्रीमती बीना आर.सी. तथा कड़कामपल्ली की पार्षद श्रीमती जया राजीव सम्मिलित हैं। हरि प्रसाद पाल / 14 फरवरी, 2026