राष्ट्रीय
14-Feb-2026


कोलकाता (ईएमएस)। बंगाल में हुमायूं कबीर की ओर से बाबरी मस्जिद बनाने पर सियासत जारी है. बीजेपी ने हुमायूं कबीर को चेतावनी दी है. पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष और सांसद समीक भट्टाचार्य ने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ किसी ने बाबरी मस्जिद बनाने की कोशिश की तो उसे रौंद दिया जाएगा. हम देश में बाबर के नाम पर फिर कोई मस्जिद बनने नहीं देंगे. मुर्शिदाबाद में विवादित बाबरी मस्जिद निर्माण शुरू होने के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के निलंबित और विवादित विधायक हुमायूं कबीर यात्रा निकलने की तैयारी कर रहे हैं. बीजेपी ने इस पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया है कि हुमायूं कबीर तृणमूल कांग्रेस का प्लान B हैं. समीक भट्टाचार्य ने कहा कि हुमायूं कबीर ही तृणमूल कांग्रेस हैं और तृणमूल कांग्रेस ही हुमायूं कबीर है. हुमायूं कबीर को पार्टी से सस्पेंड करना सिर्फ एक दिखावा था. यह ममता बनर्जी की ध्रुवीकरण की राजनीति का हिस्सा है. बीजेपी का आरोप है कि पश्चिम बंगाल देश का अकेला राज्य है जहां रोहिंग्या मुसलमान वेलकम गेस्ट हैं और चुनावों से पहले ध्रुवीकरण की राजनीति के तहत ऐसे घुसपैठियों को बचाने के लिए ममता बनर्जी काला कोट पहनकर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गयी थीं. झारखण्ड बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा था, हुमायूँ कबीर और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दोनों एक ही सिक्के के दो पहलु हैं. ममता बनर्जी के कहने पर ही हुमायूं कबीर बाबरी मस्जिद बना रहा है. अगर पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार मज़बूत रहती, तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती तो ऐसे लोगों को जेल के अंदर भेज देती. लेकिन सरकार ढीली-ढाली है, दोनों मिलजुलकर षड्यंत्र रह रहे हैं, हिंदी और सनातन भावनाओं को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहे हैं. बीजेपी का आरोप है कि ममता बनर्जी हुमायूं कबीर के साथ मिलकर हिन्दू समाज को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं. बंगाल की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर रही हैं और इस विवाद की वजह से भारतीयता भी कमजोर हो रही है. सुबोध/१४-०२-२०२६