राष्ट्रीय
14-Feb-2026


पुडुचेरी (ईएमएस)। एक दिवसीय दौरे पर पुडुचेरी पहुंचे अमित शाह ने कराईकल के संथाई थिदल में एक रैली में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कहा कि राहुल गांधी भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर देश के मछुआरों और किसानों को गुमराह करना चाहते हैं। अमित शाह ने कहा, आज मैं इस मंच से राहुल गांधी को जवाब देना चाहता हूं - राहुल जी, ट्रेड डील और एफटीए की बारीकियों को ध्यान से देखिए। मोदी जी ने देश के किसानों और पशुपालकों को 100% प्रोटेक्शन देने का काम किया है। इस एफटीए और ट्रेड डील से हमारे किसानों का कोई नुकसान नहीं होने वाला है। नुकसान आपके मनमोहन सिंह जी की सरकार के समय किसानों का हुआ था। कई ऐसे वैश्विक समझौते किए गए, जिनमें किसानों के हितों को बेच दिया गया था। मोदी जी ने किसानों, पशुपालन करने वाले बहनों-भाइयों और मछुआरों का शत-प्रतिशत प्रोटेक्शन करने का काम किया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, राहुल गांधी जी की नीति है - झूठ बोलो, जोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो और बार-बार बोलो। मगर राहुल गांधी, इस देश की जनता आपकी झूठ मैन्युफैक्चरिंग की फैक्ट्री को पहचान गई है और मैं एक बार फिर से कहता हूं - 2029 में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा-नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनने वाली है, आपकी बारी नहीं आने वाली है। अमित शाह ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और व्यापार समझौते, विशेष रूप से भारत-अमेरिका समझौते के प्रावधानों का सावधानीपूर्वक अध्ययन किया जाना चाहिए। सुबोध/१४-०२-२०२६