राज्य
14-Feb-2026
...


:: विधायक गोलू शुक्ला ने दिलाई घर-आँगन को हरा-भरा बनाने की शपथ; 1000 पौधों की सौगात :: इंदौर (ईएमएस)। महाशिवरात्रि की पूर्व बेला में शनिवार को संस्था शिवादीप द्वारा सनातन संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संगम देखने को मिला। नवलखा स्थित कार बाजार परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भक्तों को तुलसी और बिल्व पत्र के 500-500 पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। विधायक गोलू शुक्ला के मुख्य आतिथ्य और पार्षद मृदुल अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विधायक गोलू शुक्ला ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव को अत्यंत प्रिय बिल्व पत्र और पवित्रता का प्रतीक तुलसी न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी वरदान हैं। उन्होंने नागरिकों से इन पौधों को अपने घर-आँगन और बालकनी में रोपने का संकल्प दिलाया। :: धार्मिक अनुष्ठान के साथ सेवा का संकल्प :: कार्यक्रम के दौरान विधायक शुक्ला ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और रहवासियों को महाशिवरात्रि पर भगवान शिव-पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ श्रमिक बस्तियों में फलाहार वितरित करने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि त्योहारों की सार्थकता दीन-दुखियों की सेवा में ही निहित है। :: सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति :: संस्था शिवादीप के प्रमुख संदीप गोयल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य धार्मिक पर्वों के माध्यम से समाज में सकारात्मक और रचनात्मक संदेश प्रसारित करना है। इस अवसर पर राहुल बंटी, नितेश अग्रवाल, सुरेश गोयल, हितेश गोयल, अजय राठी, रितेश विरांग, दीपेन्द्र सिंह सोलंकी, जानी सिरसिया एवं रंजना ताई सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के रहवासी उपस्थित थे। प्रकाश / 14 फरवरी 2026