राज्य
14-Feb-2026
...


:: महापौर और निगमायुक्त के निरीक्षण के बाद त्वरित कार्रवाई; रिंग रोड से कनेक्टिविटी होगी बेहतर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित यातायात की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण बाधा को दूर कर दिया है। झोन क्रमांक 10 के अंतर्गत वार्ड 42 में मनीष पुरी को रिंग रोड से जोड़ने वाली लिंक रोड अब जल्द ही निर्बाध आवागमन के लिए तैयार होगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा पिछले दिनों किए गए निरीक्षण के बाद, सड़क के बीच स्थित बाधक विद्युत संरचनाओं को सफलतापूर्वक शिफ्ट कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया था कि सड़क के मध्य स्थित पुराने विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर न केवल यातायात में बाधा बन रहे थे, बल्कि इससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी। महापौर ने इसे गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग को तत्काल प्रभाव से पोल शिफ्टिंग के निर्देश दिए थे। :: समन्वय से पूरी हुई शिफ्टिंग की प्रक्रिया :: निगम प्रशासन और विद्युत विभाग के आपसी समन्वय से लिंक रोड पर बाधित 12 विद्युत पोल एवं 4 बड़े ट्रांसफार्मर को नियमानुसार शिफ्ट कर दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से सड़क निर्माण की गति तेज हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, मनीष पुरी से रिंग रोड तक जाने वाला यह मार्ग अब पूरी तरह से क्लियर है, जिससे डामरीकरण और फिनिशिंग का कार्य बिना किसी रुकावट के पूरा किया जा सकेगा। :: क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति :: इस लिंक रोड के पूर्ण होने से मनीष पुरी, साकेत नगर और तिलक नगर क्षेत्र के हजारों रहवासियों को रिंग रोड तक पहुँचने के लिए सीधा और सुगम संपर्क मार्ग मिलेगा। इससे न केवल मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि आवागमन भी सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा। क्षेत्रीय प्रबुद्ध जनों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है, क्योंकि लंबे समय से ये पोल सड़क के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा बने हुए थे। प्रकाश / 14 फरवरी 2026