राज्य
14-Feb-2026
...


:: संकल्प से समाधान चौपाल में समस्याओं का मौके पर निराकरण; योगशाला का लोकार्पण और उद्यान विकास कार्यों का आगाज़ :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की बुनियादी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संचालित संकल्प से समाधान अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव शनिवार को वार्ड क्रमांक 41 के रहवासियों के बीच पहुँचे। आलोक नगर, संचार नगर, अहमद नगर, डायमंड कॉलोनी और बंगाली ब्रिज क्षेत्र में आयोजित इस जनता चौपाल में महापौर का दबंग अंदाज चर्चा का विषय रहा। महापौर ने विधायक महेंद्र हाडिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बुलट पर सवार होकर पूरे वार्ड की तंग गलियों का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अमले को दफ्तरों से बाहर निकलकर जमीन पर काम करने के सख्त निर्देश दिए। इस भ्रमण के दौरान महापौर ने क्षेत्र को नई सौगातें भी दीं। उन्होंने नव-निर्मित योगशाला एवं योग शेड का लोकार्पण किया, साथ ही परशुराम उद्यान के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। :: मौके पर ही ऑन द स्पॉट एक्शन :: बंगाली ब्रिज के नीचे आयोजित मुख्य चौपाल में नागरिकों ने अपनी समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। इसमें प्रमुख रूप से सड़क निर्माण, सीवरेज लाइन, उद्यानों का रखरखाव और जलकर संबंधी शिकायतें शामिल थीं। - जलकर में सुधार : गोयल नगर के रहवासियों द्वारा जलकर बिलों में त्रुटि की शिकायत पर महापौर ने अधिकारियों को तत्काल रिकॉर्ड सुधारने के आदेश दिए। - शुद्ध जल आपूर्ति : गणराज्य नगर में गंदे पानी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इंजीनियरिंग विभाग को 24 घंटे के भीतर लाइन की जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए। :: समयबद्ध समाधान का संकल्प :: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यह अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने के बजाय प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि चौपाल में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बुलट पर वार्ड का दौरा करने का उद्देश्य गलियों की वास्तविक स्थिति को करीब से देखना था ताकि कोई भी समस्या नजरों से ओझल न रहे। प्रकाश / 14 फरवरी 2026