:: विजयनगर और खजराना जैसे जल-जमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण; ड्रेनेज की डीसिल्टिंग के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मोर्चा संभाल लिया गया है। शनिवार प्रातः आयुक्त ने शहर के प्रमुख चौराहों और जल-जमाव की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा काल में नागरिकों को जल-भराव की समस्या से न जूझना पड़े, इसके लिए सभी तकनीकी और मैदानी तैयारियां समय-सीमा में पूरी की जाएं। आयुक्त ने विजयनगर चौराहा, खजराना चौराहा और स्कीम नंबर 78 जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा किया। ये वे क्षेत्र हैं जहाँ भारी वर्षा के दौरान यातायात बाधित होने की संभावना बनी रहती है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रेनेज और स्टॉर्म वॉटर लाइनों की वर्तमान स्थिति को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर प्रतिवर्ष जल जमाव की स्थिति निर्मित होती है, उन्हें क्रिटिकल पॉइंट के रूप में चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सफाई दल तैनात किए जाएं। :: डीसिल्टिंग और सफाई की समय-सीमा तय :: निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अर्थ जैन, प्रखर सिंह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त सिंघल ने ड्रेनेज विभाग को सख्त निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों के साथ-साथ भीतरी इलाकों की ड्रेनेज लाइनों की डीसिल्टिंग (गाद निकालने) का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अवरुद्ध नालियों की प्राथमिकता से सफाई की जाए ताकि पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहे। साथ ही, सड़कों के किनारे मौजूद कचरे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए ताकि वह बहकर ड्रेनेज में न फँसे। प्रकाश / 14 फरवरी 2026