:: महापौर और विधायक ने किया योग मित्र योगशाला का शुभारंभ; परशुराम उद्यान के विकास कार्यों की भी रखी नींव :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छ इंदौर के बाद अब स्वस्थ इंदौर की संकल्पना को साकार करने के लिए शहर के वार्डों में योग अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में योग मित्र अभियान के अंतर्गत झोन 19, वार्ड क्रमांक 41 स्थित वीर सावरकर उद्यान (संचार नगर) में 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन योगशाला का लोकार्पण महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं विधायक महेंद्र हार्डिया द्वारा किया गया। इस दौरान अतिथियों ने परशुराम उद्यान के विकास कार्यों का भी विधिवत शुभारंभ किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर भार्गव ने कहा कि इंदौर को स्वस्थ, स्वच्छ, ग्रीन और डिजिटल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी 85 वार्डों में योग शेड का निर्माण कार्य प्रगति पर है, ताकि नागरिकों को अपने घर के समीप ही योग और व्यायाम की सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद प्रणव मंडल, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, अनिल गौहर, झोनल अधिकारी धीरेंद्र बायस सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित रहे। :: जनता चौपाल में सुनीं समस्याएं :: लोकार्पण के पश्चात महापौर ने उद्यान परिसर में जनता चौपाल लगाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान रहवासियों ने क्षेत्र की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और उद्यानों के रखरखाव से संबंधित विषय रखे। महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि पार्कों का विकास और वहां योग जैसी सुविधाएं जन-स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। प्रकाश / 14 फरवरी 2026