भोपाल (ईएमएस) । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शुक्रवार को लोक भवन के जवाहर खण्ड में रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश शाखा की नवगठित प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने समिति के नए सदस्यों को सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ कार्य करने की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि रेडक्रॉस का कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। बैठक में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, विधि अधिकारी उमेश श्रीवास्तव, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अरविन्द पुरोहित, रेडक्रॉस के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे, आईएएस, (से.नि.), जनरल सेक्रेटरी रामेन्द्र सिंह सहित प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने राज्यपाल को रेडक्रॉस अस्पताल के प्रबंधन, ओपीडी संचालन, माहवार मरीजों की संख्या, विभिन्न जांचों की व्यवस्था, आय–व्यय और अन्य सेवाओं की अद्यतन जानकारी दी। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज और आवश्यक जांचों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ हमेशा मजबूत और सक्रिय रहनी चाहिए। डॉ. कुमरे ने बताया कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस सोसायटी को नई ऊर्जा, दिशा और गति मिली है। उनके नेतृत्व में संगठन ने दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुँचकर सेवा कार्यों का व्यापक विस्तार किया है, जिससे समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी निरंतर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों तक सहायता पहुँचाने के कार्य में लगी हुई है, और आने वाले समय में यह सेवाएँ और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ाई जाएँगी।