अंतर्राष्ट्रीय
15-Feb-2026
...


वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका के बर्कली में पिछले छह दिनों से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया को लेकर एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लंबे खोज अभियान के बाद स्थानीय पुलिस ने साकेत का शव बरामद कर लिया है। वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र थे और 9 फरवरी को अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। भारतीय मिशन ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उन्हें पुलिस के माध्यम से साकेत की मृत्यु की सूचना मिली है। दूतावास साकेत के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है और इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। मिशन ने स्पष्ट किया है कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर तालमेल बनाए हुए हैं ताकि साकेत के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने का प्रबंध किया जा सके। दूतावास का कार्यालय परिवार के सीधे संपर्क में है और सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने में हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया एक मेधावी छात्र थे। उन्होंने आईआईटी मद्रास से अपनी बीटेक की डिग्री पूरी की थी और उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। उन्होंने साल 2025 में ही यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में प्रवेश लिया था। जानकारी के मुताबिक, साकेत को आखिरी बार बर्कली हिल्स इलाके के अंजा लेक के पास देखा गया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका पासपोर्ट और लैपटॉप भी घटनास्थल के पास से ही बरामद किया गया है। साकेत के लापता होने के बाद उनके परिवार ने गहरा संकट व्यक्त किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 फरवरी को कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी। पत्र में उल्लेख किया गया था कि औपचारिक शिकायत के बावजूद पुलिस को साकेत का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है, जिससे परिवार की चिंताएं बढ़ती जा रही थीं। अब साकेत की मौत की खबर ने उनके गृह राज्य और वहां रह रहे उनके परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/15फरवरी2026