खेल
15-Feb-2026
...


शाम सात बजे शुरू होगा मैच पल्लेकेले (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया की टीम मेजबान श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप ग्रुप बी के अहम मुकाबले में किसी भी हाल में जीत हासिल करना रहेगा। ऑस्ट्रेलिया का लक्ष्य इस मैच को जीतकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी संभावनाएं बनाये रखना रहेगा। पिछले मैच में टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उससे सबक लेते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मैच में अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को शामिल कर सकती है। पिछले मैच में उसके बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करने में असफल रहे थे। अब उसे सुपर आठ में पहुंचने के लिए इस मैच के साथ ही ओमान के खिलाफ मैच में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया अभी ग्रुप बी में अंक तालिका में दो मैचों में दो अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। जिम्बाब्वे के खिलाफ उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज विफल रहे थे जिससे टीम 146 रन ही बना पायी और उसे 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। कप्तान मिचेल मार्श चोटिल होने के कारण उस मैच में नहीं खेल पाए थे। वहीं स्मिथ को मार्श के कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है उन्हें हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम स्मिथ को चोटिल तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड के बाहर होने के कारण उनकी जगह पर शामिल कर सकती है। स्पिन के खिलाफ स्मिथ का अच्छा रिकॉर्ड और उनके आने से बल्लेबाजी बेहतर होगी। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह राहत की बात है कि ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को पिछले मैच में अपने बाएं हाथ पर लगी चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया को इस बार मिचेल स्टार्क, चोटिल पैट कमिंस और हेज़लवुड की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की कमी भी महसूस हो रही है। नाथन एलिस ने अच्छी गेंदबाजी की है पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट विफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की इस टीम को भारत में हुए 2023 एकदिवसीय विश्व कप के दौरान भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। तब श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत ने उनके लिए हालात बदल दिए, जिसके बाद उसने फाइनल सहि नौ मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस बात से टीम प्रेरणा लेना चाहेगी। जिम्बाब्वे से हार के बाद कप्तानी संभाल रहे ट्रैविस हेड ने कहा था, हम पहले भी ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं। हमने 2023 में कुछ हार और चोटों के कारण पहले भी इस तरह की स्थिति देखी है। हमारे पास यहां कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2023 में भारत में खेल चुके हैं और हम इस स्थिति से निपटने और उस रणनीति का उपयोग करने की कोशिश करेंगे। वहीं दूसरी ओर सह-मेजबान श्रीलंका ओमान और आयरलैंड के खिलाफ आसान जीत के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है और उसके हौंसले बढ़ हुए हैं। उससे घरेलू धरती पर खेलने का भी लाभ मिलेगा। उसे हालांकि स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा की कमी खलेगी। उनकी अनुपस्थिति में श्रीलंका महेश तीक्षना और बाएं हाथ के स्पिनर दुनीत वेलालेज पर काफी हद तक आधारित रहेगा। दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं : ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, स्टीव स्मिथ (मिचेल मार्श के कवर के रूप में)। श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चैरिथ असलांका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, डुनिथ वेललागे, महेश तीक्षना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन, दुशान हेमंथा। ईएमएस 15 फरवरी 2026