-ढाका में होने वाले समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे लोकसभा अध्यक्ष नई दिल्ली,(ईएमएस)। बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 12 फरवरी 2026 को आयोजित चुनाव में 300 में से 212 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके साथ ही पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान देश के नए प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल नहीं होंगे। भारत की ओर से इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला प्रतिनिधित्व करेंगे। यह समारोह 17 फरवरी को ढाका में आयोजित होगा। भारत और बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। भारत ने बांग्लादेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनी गई नई सरकार का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को फोन कर जीत की बधाई भी दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ओम बिरला की भागीदारी दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग और संवाद का संकेत है। इसे भारत की ओर से पड़ोसी देशों के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और पारस्परिक सम्मान पर आधारित संबंधों को प्राथमिकता देने के रूप में देखा जा रहा है। नई सरकार से क्षेत्रीय स्थिरता और विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की उम्मीद जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 15फरवरी26