राज्य
15-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटनाक्रम में कल रात ड्रेनेज लाइन खोदने के दौरान एक मकान धराशाई हो गया। गनीमत रही की मकान खाली रहने के चलते कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटना संयोगितागंज थाना क्षेत्र के मुराई मोहल्ले की है। में शनिवार रात एक मकान धंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और एमपीईबी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। वहीं इस घटना को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने ड्रेनेज लाइन के काम के दौरान जेसीबी का पंजा लगने की वजह से हादसा होने की बात कही है। वे इस मामले में निगमायुक्त से चर्चा कर शिकायत करेंगे। चिंटू चौकसे ने कहा कि नगर निगम जिस तरह से ड्रेनेज लाइन डालने का काम कर रही थी, उसी दौरान जेसीबी का पंजा मकान पर लग गया और गड्डा ज्यादा हो गया, जिसकी वजह से मकान ध्वस्त हो गया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत यह हादसा नगर निगम की लापरवाही के कारण हुआ है। ईश्वर की कृपा रही कि बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि वहां कोई रह रहा होता तो घटना किस स्तर की होती और कितने लोगों की जान जाती, यह समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर इंदौर नगर निगम ने महापौर के नेतृत्व में साबित कर दिया है कि लापरवाही किस तरह चरम सीमा पर है। उनके इसकी शिकायत निगमायुक्त से कर जिन्होंने लाइन डाली है, उन पर कार्रवाई कराई जाने की बात कही है वहीं भाजपा के सुमित तलरेजा ने एक कांग्रेस नेता की गुमटी के कारण हादसा होना बताया है। हालांकि घटना के बाद मौके पर पहुंचे कांग्रेसी और भाजपाई एक बार तो आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे थे इस विवाद की स्थिति को पुलिस ने बीच-बचाव कर खत्म करते दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के बारे में एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा के अनुसार मुराई मोहल्ले में एक मकान गिर गया है। यह राकेश गर्ग का मकान है। साइड में नरेश मोदी का मकान भी है, जो इसकी चपेट में आया है। मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंच गई घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। मलबा हटाया जा रहा है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। आसपास जो लोग रह रहे थे, उन्हें एहतियातन हटा दिया गया है। भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, जिन्हें अलग-अलग कर दिया गया है। सभी तथ्य हमारे संज्ञान में हैं। आनंद पुरोहित/ 15 फरवरी 2026