ईशान किशन की तूफानी पारी कोलंबो (ईएमएस) । भारत ने टी 20 विश्व कप के मैच में एक बार फिर पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। जहां भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से पराजित कर अपनी विजयी यात्रा को आगे बढ़ाया है। टूर्नामेंट के इतिहास में यह भारत की पाकिस्तान पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। टीम लगातार 3 जीत के साथ ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल के टॉप पर है। पाकिस्तान ने टॉस जीत कर भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत की शुरूआतअच्छी नहीं रही और पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बगैर खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाए। जिसमें ईशान किशन की 40 गेंदों में 77 रन की आतिशी पारी रही। इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल हैं। किशन के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार पारी खेली और 32 रन का योगदान दिया। भारत ने 20 ओवर में पाकिस्तान को 175 रन का लक्ष्य दिया। सईम अयूब ने 3 विकेट। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 176 रन का टारगेट चेज कर रही पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। हार्दिक पंडया ने पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया इसके बाद दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने दूसरी गेंद पर सईम को आउट किया और ओवर की अंतिम गेंद पर सलमान आगा को आउट करके पाकिस्तान को बैकफुट पर ला दिया। पाकिस्तान के खिलाड़ी टिक कर नहीं खेल पाए उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके। आशीष पाराशर/15फरवरी2026