-आधार सुरक्षित करने किया जा रहा बदलाव, फोटोकॉपी के गलत इस्तेमाल पर लगेगी रोक नई दिल्ली,(ईएमएस)। जल्द ही आधार कार्ड का नया डिजाइन पेश किया जाएगा, जिसमें केवल कार्डधारक की फोटो और एक क्यूआर कोड दिखेगा। इस बदलाव का उद्देश्य फोटोकॉपी के जरिए आधार की व्यक्तिगत जानकारी के गलत इस्तेमाल को रोकना है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने यह जानकारी दी है कि नए आधार ऐप के लॉन्च के बाद इस बदलाव को लागू किया जाएगा। यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस में बताया कि आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी में अक्सर आधार नंबर, नाम, पता और जन्मतिथि जैसी सेंसिटिव जानकारी होती है, जिसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। नए डिजाइन में केवल फोटो और क्यूआर कोड शामिल होंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर ही बैंकिंग, सिम जारी करने और सरकारी योजनाओं जैसी सेवाओं के लिए वेरिफिकेशन होगा। उडई ने हाल ही में नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जिसमें यूजर्स अपने मोबाइल नंबर, पता और अन्य डिटेल्स सीधे अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐप के जरिए आधार बायोमेट्रिक्स को लॉक और अनलॉक करना भी संभव है। इस बदलाव से आधार कार्ड का उपयोग एक सुरक्षित फोटो आइडेंटिटी कार्ड के रूप में किया जा सकेगा, जबकि कार्डधारक की अन्य व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहेगी। यह कदम आधार के मिसयूज को रोकने और प्राइवेसी बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, क्यूआर कोड-बेस्ड वेरिफिकेशन सिस्टम से न केवल गलत इस्तेमाल का खतरा कम होगा बल्कि नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल एक्सेस भी मिलेगा। फिलहाल यह प्रस्तावित बदलाव लागू नहीं हुआ है, लेकिन यूआईडीएआई इसके जल्द कार्यान्वयन की तैयारी कर रहा है। हिदायत/ईएमएस 16 फरवरी 2026