क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में जेसीआई रायगढ़ सिटी और रायगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में साइबर अपराधों से बचाव और जनजागरूकता को लेकर एक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के बारे में जानकारी देना था। सेमिनार में साइबर सेल से डीएसपी अजय नागवंशी, टीआई नासिर खान, हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह और कांस्टेबल नवीन शुक्ला ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी शेयरिंग, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे मामलों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें। कार्यक्रम में जेसीआई के वरिष्ठ सदस्य आनंद मोदी ने भी साइबर अपराधों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अधिकारियों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराना जरूरी है। अंत में जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष गुलशन अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026