बदलापुर, (ईएमएस)। मुंबई से सटे बदलापुर शहर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल सैकड़ों अभिभावकों को एक जगह इकट्ठा करके पेंटिंग कॉम्पिटिशन के बहाने ठगे जाने के बाद शहर में गुस्से की लहर दौड़ गई है। कई अभिभावक को एक खास जगह पर यह कहकर बुलाया गया कि, आपके बच्चे ने पेंटिंग कॉम्पिटिशन में टॉप 25 मार्क्स हासिल किए हैं। हालांकि, वहां पहुंचने पर यह साफ हो गया कि यह सब लोगों का पर्सनल डेटा इकट्ठा करने और लाइफ इंश्योरेंस बेचने के लिए बनाया गया एक झूठ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बदलापुर में अभिभावकों को लगातार कॉल आ रहे थे। उन्हें बताया गया कि उनके बच्चों ने पेंटिंग कॉम्पिटिशन अच्छा किया है और उन्हें प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन में मौजूद रहना है। जब अभिभावक अपने बच्चों के लिए अपना काम छोड़कर वहां पहुंचे, तो उन्हें पेंटिंग कॉम्पिटिशन की जगह एजुकेशन एंड लाइफ इंश्योरेंस अवेयरनेस प्रोग्राम सुनने के लिए मजबूर किया गया। वहां मौजूद हर अभिभावक से एक फॉर्म भरवाया गया, जिससे उनका नाम, नंबर और दूसरी जानकारी इकट्ठा की गई। इस घटना से गुस्साए अभिभावकों और कुछ जागरूक महिलाओं ने वहां जवाब मांगना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर भोजन कट्टा नाम के अकाउंट से शेयर की गई है। चश्मदीदों ने कहा कि जब कुछ अभिभावक ने इस गलत काम का विरोध किया, तो वहां मौजूद स्टाफ हंस रहा था और घमंड से पेश आ रहा था। संतोष झा- १६ फरवरी/२०२६/ईएमएस