क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में मवेशी चराने गई एक बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान झूलमति राठिया (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो डोंगाढकेल की निवासी थीं। जानकारी के अनुसार वह सुबह गाय चराने जिंदल स्टील एंड पावर के राखड़ डंपिंग यार्ड की ओर गई थीं। चराई के दौरान मवेशी फ्लाईएश के ढेर पर चढ़ने लगे। उन्हें हटाने के लिए महिला पीछे-पीछे गई, लेकिन इसी दौरान वह गर्म राख में गिर गईं। हादसे में उनकी कमर से ऊपर पेट तक गंभीर झुलसन हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था। गंभीर हालत के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026