अंतर्राष्ट्रीय
16-Feb-2026
...


बीजिंग,(ईएमएस)। लूनर न्यू ईयर से ठीक पहले पूर्वी चीन में पटाखों की एक दुकान में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा रविवार दोपहर जिआंगसू प्रांत के डोंगहाई काउंटी के एक गांव में हुआ। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक निवासी ने दुकान के पास गलत तरीके से पटाखे जला दिए, जिससे आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में तेज विस्फोट हो गया। दुकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पटाखे रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल और आपातकालीन सेवाओं ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। इस हादसे के कारण लूनर न्यू ईयर की खुशियां मातम में बदल गईं। सरकारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि दुकान के आसपास पटाखे जलाना प्रतिबंधित था। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है। पटाखे जलाने की है पारंपरा चीन में लूनर न्यू ईयर के अवसर पर पटाखे जलाना पारंपरिक रूप से बुरी शक्तियों को दूर भगाने का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, वायु प्रदूषण और सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए हाल के वर्षों में कई शहरों में पटाखों पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए थे। पिछले वर्ष कुछ स्थानीय सरकारों ने इन प्रतिबंधों में आंशिक ढील दी थी, जिसके बाद बाजार में पटाखों की बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई। घटना के बाद प्रशासन हुआ सख्त इस घटना के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने सभी प्रांतों और स्थानीय प्रशासन को पटाखों के उत्पादन, परिवहन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने खासतौर पर दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आस-पास पटाखे जलाने पर सख्त रोक सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया है कि जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि त्योहार के दौरान इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोग सुरक्षित माहौल में लूनर न्यू ईयर मना सकें। हिदायत/ईएमएस 16फरवरी26