क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में कर्ज और मानसिक तनाव से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने डिप्रेशन में होने और अपनी परेशानी किसी से साझा न कर पाने की बात लिखी है। फिलहाल कोतवाली थाना रायगढ़ ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दोहन उर्फ सोहन देवांगन (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोतरारोड का निवासी था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से पत्नी के साथ ससुराल में बंदे अली फातमी नगर कॉलोनी में रह रहा था। उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उसके कोई बच्चे नहीं थे। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था, हालांकि उसने परेशानी का स्पष्ट कारण नहीं बताया था। इतना जरूर कहा था कि उसने बाजार से कर्ज लिया है। घटना के दिन उसकी पत्नी झलमला स्थित स्कूल पढ़ाने गई थी। दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौटने पर उसने पति को कमरे में पंखे से लटका पाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और तलाशी के दौरान सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि वह डिप्रेशन से जूझ रहा था और अपनी स्थिति किसी से साझा नहीं कर पा रहा था। साथ ही उसने अनुरोध किया कि उसकी मौत के बाद परिवार को परेशान न किया जाए। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026