ढाका,(ईएमएस)। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने रविवार को जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान और नेशनल सिटिजन पार्टी के नेता नाहिद इस्लाम से मुलाकात की। ब बीएनपी ने इन बैठकों को चुनाव के बाद बांग्लादेश में सकारात्मक राजनीतिक शुरुआत का हिस्सा बताया है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब बीएनपी देश की सत्ता संभालने जा रही है। तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी ने संसदीय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की है। पार्टी को 49.97 फीसदी वोट मिले और उसने 209 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। वहीं जमात-ए-इस्लामी ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 31.76 फीसदी वोट और 68 सीटें जीतीं। एनसीपी को 3.05 फीसदी वोटों के साथ छह सीटें मिलीं। तारिक रहमान बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के साथ जमात प्रमुख के घर पहुंचे, बाद में बीएनपी ने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर की जिसमें शफीकुर रहमान उन्हें गुलदस्ता देते नजर आए। जमात ने भी रहमान को भावी पीएम चुने जाने पर बधाई दी और इसे राष्ट्रीय राजनीति में अहम बताया। इसके बाद तारिक रहमान ने एनसीपी संयोजक नाहिद इस्लाम से भी मुलाकात की। एनसीपी फरवरी 2024 में बनी थी और यह छात्र आंदोलन से जुड़ी पार्टी मानी जाती है जिसने अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन में भूमिका निभाई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जमात-ए-इस्लामी के अमीर डॉ. शफीकुर रहमान ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने तारिक रहमान को हालिया संसदीय चुनावों में मिली बंपर जीत की बधाई दी है। अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से डॉ. शफीकुरर्हमान ने तारिक रहमान के आवास पर हुई मुलाकात का जिक्र किया और इसे ‘नेशनल पॉलिटिकल जर्नी का एक अहम पल’ बताया। उन्होंने कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण रही और उम्मीद जताई कि यह बांग्लादेश के सियासी माहौल में ‘इंस्टीट्यूशनल मैच्योरिटी और आपसी सम्मान के एक नए चैप्टर’ का संकेत देगा। जमात-ए-इस्लामी चीफ ने कहा कि हम एक ऐसा बांग्लादेश बनाना चाहते हैं जो फासीवाद से आजाद हो, अपने फैसले लेने में स्वायत्त हो और न्याय पर आधारित हो। सिराज/ईएमएस 16फरवरी26 ---------------------------------