जहाज पर करीब 19 लाख बैरल कच्चा तेल और फ्यूल ऑयल था वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में वेनेजुएला से जुड़े तेल टैंकर को रोककर उसकी जांच की। जहाज पर करीब 19 लाख बैरल कच्चा तेल और फ्यूल ऑयल था। अमेरिका का आरोप है कि यह पोत ईरान और वेनेजुएला पर लगे प्रतिबंधों से बचने की कोशिश कर रहा था। पेंटागन ने एक्स पर बयान में कहा कि वेरोनिका-3 नामक पोत को अमेरिकी अधिकारियों ने कैरेबियन सागर से हिंद महासागर तक ट्रैक किया और फिर उसे रोककर निरीक्षण किया। रात भर में अमेरिकी सेना ने इंडोपाकॉम के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में बिना किसी घटना के वेरोनिका-3 पर कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका का कहना है कि यह जहाज राष्ट्रपति के आदेश के तहत लगाए गए प्रतिबंधों से बचकर निकलने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र किसी भी अवैध गतिविधि के लिए सुरक्षित स्थान नहीं है। बताया गया कि यह जहाज पनामा के झंडे वाला तेल टैंकर है और इस पर ईरान और वेनेजुएला से जुड़े तेल प्रतिबंधों का उल्लंघन करने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज करीब 19 लाख बैरल कच्चा तेल और फ्यूल ऑयल लेकर जा रहा था और 2023 से रूस, ईरान और वेनेजुएला के तेल परिवहन से जुड़ा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिसंबर में वेनेजुएला से जुड़े प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर पूरी तरह का ब्लॉकेड लगाने का आदेश दिया था। पिछले सप्ताह भी अमेरिकी सेना ने एक और टैंकर को हिंद महासागर में रोककर जांच की थी। अमेरिका का कहना है कि वह जमीन, हवा और समुद्र हर जगह प्रतिबंधों को लागू करेगा। ट्रंप ने दिसंबर में वेनेजुएला में आने या जाने वाले सभी अमेरिकी प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया था। 3 जनवरी को अमेरिका की कार्रवाई और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़े जाने के बाद से यह प्रतिबंध जारी है। अमेरिकी रक्षा विभाग ने रविवार को एक पोस्ट में कहा कि अंतरराष्ट्रीय जल कोई सुरक्षित स्थान नहीं है। जमीन, हवा या समुद्र से, हम आपको ढूंढ लेंगे और न्याय दिलाएंगे। रक्षा विभाग अवैध तत्वों और उनके सहयोगियों को समुद्री क्षेत्र में आने-जाने की आजादी नहीं देगा। एक फर्म के मुताबिक वेरोनिका-3 जनवरी में वेनेजुएला से निकला था, उसी दिन वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ा गया था। सिराज/ईएमएस16फरवरी26 --------------------------------