राजगढ़, ईएमएस l राजस्थान के झालावाड़ जिले में तैनात एक पुलिस आरक्षक की शादी पूरे पुलिस महकमे के लिए गंभीर सवाल बन गई। आरक्षक की शादी में मेहमानी करने राजगढ़ जिले के दो हथियार तस्करों के पहुंचने और समारोह के दौरान ठाठ से नोट उड़ाने का मामला सामने आने के बाद राजस्थान पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। झालावाड़ जिले के भालता थाने में तैनात कांस्टेबल अशोक बिश्नोई की शादी नागौर जिले में हुई थी। शादी समारोह में राजस्थान व मध्यप्रदेश के कुल आठ सक्रिय अपराधियों की मौजूदगी सामने आई, इनमें से दो आरोपी राजगढ़ जिले के हैं। जांच में सामने आए वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों में अपराधियों को खुलेआम ठाठ से नोट उड़ाते देखा गया, इसके बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा। झालावाड़ एसपी को इस संबंध में गोपनीय शिकायत मिली थी। जांच पिड़ावा डिप्टी को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि मांगीलाल भील, निवासी बोरदा, राजगढ़ : इसके खिलाफ कुल चार प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मांगीलाल भील पहले हथियार तस्करी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। अलग-अलग मामलों में नाम सामने आने के बावजूद यह सक्रिय रहा और राजस्थान में आरक्षक की शादी में शामिल होकर जश्न मनाता पाया गया। इसी प्रकार चैन सिंह तंवर, निवासी बोरदा, राजगढ़ : इसके खिलाफ एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस के अनुसार चैन सिंह भी तस्करी से जुड़े मामलों में नामजद रहा है। शादी समारोह में इसकी मौजूदगी को भी अपराधियों से नजदीकी का स्पष्ट प्रमाण माना गया।इनके अलावा ये 6 तस्कर भी आरक्षक की शादी में पहुंचे : 1-पप्पू लाल तंवर, निवासी महुआखोह, राजस्थान, 2-दुर्गालाल तंवर, निवासी कोटा, राजस्थान, 3-रमेश तोमर, निवासी लसूड़िया, राजस्थान, 4-रामगोपाल, निवासी बपावर, राजस्थान, 5-रामबाबू, निवासी खोखरिया, राजस्थान, 6-अतीक मोहम्मद, निवासी भालता, राजस्थान शामिल है l-निखिल /राजगढ़/16/2/2026