कांकेर(ईएमएस)। शहर में पुलिस की तख्ती लगाकर और ब्लैक फिल्म चढ़ाकर घूम रहे संदिग्ध वीआईपी वाहनों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कई वाहनों पर बिना अनुमति पुलिस लिखी तख्ती, काले शीशे और नंबर प्लेट की अनियमितता मिलने के बाद जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने शहर में घूम रही ब्लैक स्कॉर्पियो (क्रमांक CG-27-S-3520) को पकड़ा। वाहन के शीशों पर गहरी ब्लैक फिल्म लगी थी, जिसे मौके पर ही उतरवाया गया। चालक पर एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। वाहन विशाल नेताम निवासी कोंडागांव के नाम पर पंजीकृत बताया गया है। जानकारी के अनुसार कुछ वाहन पहले पुलिस लाइन में किराये पर अटैच थे, लेकिन हटने के बाद भी वे पुलिस की तख्ती लगाकर शहर में रौब झाड़ते घूम रहे थे। पिछले दो दिनों में ऐसे छह वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई है। यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यातायात नियम तोड़ने वाले सभी वाहन चालकों और मालिकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। स्पष्ट निर्देश है कि केवल वही वाहन पुलिस की तख्ती लगाएंगे जिनमें वास्तव में अधिकारी मौजूद हों। इसके अलावा पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि टीआई रैंक से नीचे के पुलिस कर्मियों को निजी वाहनों पर पुलिस लिखने या सायरन लगाने की अनुमति नहीं है। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस ने यह भी कहा कि जिले में “प्रेस” लिखे संदिग्ध वाहनों की शिकायतें मिली हैं। केवल अधिकृत वाहनों पर ही प्रेस लिखने की अनुमति है, अन्यथा उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।