क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर में आवागमन के लिए फिलहाल एक ही मुख्य पुल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरा पुल पंडरीपानी-कोदाभाठ-बरदेभाठा मार्ग स्थित दूध नदी पर है, जहां संकरा मार्ग होने के कारण यातायात जोखिमभरा बना रहता है और यहां कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अन्नपूर्णापारा से एमजी वार्ड मार्ग पर दूध नदी में एक और पुल का निर्माण बेहद जरूरी है। शहर में रैली, जुलूस या चक्काजाम जैसी स्थिति बनने पर दूध नदी के पुल से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बताया जा रहा है कि पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद काम अब तक अधूरा है। वहीं जिस स्थान पर पुल बनना प्रस्तावित है, वहां गंदगी और मलबा डालकर क्षेत्र को पाटा जा रहा है तथा नदी के कई हिस्सों में अतिक्रमण भी बढ़ता जा रहा है स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण शुरू कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में यातायात सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।