धमतरी(ईएमएस)। जिले के बोराई सिविल अस्पताल में आपातकालीन इलाज नहीं मिलने से एक घायल व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने देर रात अस्पताल के बाहर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार बोराई-घुटकेल मार्ग पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे। समय पर इलाज न मिलने से घायल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो घायल की जान बच सकती थी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज साक्षी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिविल अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती और जवाबदेही तय करने की मांग की है। इस मामले में अविनाश मिश्रा ने कहा है कि दोषियों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।