धमतरी(ईएमएस)। शासकीय सुखराम नागे कॉलेज नगरी द्वारा नगरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वाणिज्य शिक्षा में रोजगार के अवसर एवं संभावनाएं” रहा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वाणिज्य क्षेत्र के विविध आयामों, रोजगार संभावनाओं और भविष्य की दिशा के प्रति जागरूक करना था। इस अभियान के तहत श्रृंगी ऋषि स्कूल नगरी, शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय नगरी, शासकीय उमावि सांकरा तथा शासकीय उमावि सिहावा में व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रमेश देवांगन थे। उनके साथ डॉ. दीपा देवांगन और डिलेश्वरी पटेल भी उपस्थित रहीं। डॉ. रमेश देवांगन ने विद्यार्थियों को वाणिज्य शिक्षा के अंतर्गत उपलब्ध करियर विकल्पों जैसे चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कंपनी सेक्रेटरी, कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी, बैंकिंग, बीमा, वित्तीय प्रबंधन, एमबीए, आयकर-जीएसटी परामर्श, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, डेटा विश्लेषण और उद्यमिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. दीपा देवांगन ने वाणिज्य विषय की वर्तमान उपयोगिता और स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वाणिज्य शिक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।