क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) कल शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा खुडैल थाना क्षेत्र के ग्राम पिवडाय के पास हुआ। मृतक की पहचान शरीफ (73 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम पिवडाय के रहने वाले थे। प्राप्त जानकारी अनुसार, शरीफ राउली कुडाल के जंगल में चौकीदारी का काम करते थे। रविवार शाम को जब वह अपनी ड्यूटी खत्म कर साइकिल से वापस अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी ग्राम पिवडाय के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और शरीफ को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल पहुँचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण रविवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद डंपर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। खुडैल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शरीफ के परिवार में उनके दो बेटे हैं। परिजनों ने बताया कि वह केवल दो महीने पहले ही चौकीदारी के काम पर लगे थे क्योंकि वह घर पर खाली नहीं बैठना चाहते थे। आनंद पुरोहित/ 16 फरवरी 2026