16-Feb-2026
...


- एक मासूम भी जख्मी कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर गत रात्रि लगभग 8 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक पांच वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुई। एक बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। दूसरी बाइक टी.पी. नगर की ओर से आ रही थी, जिस पर पति-पत्नी और उनका एक मासूम बच्चा सवार था। दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच साल के मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसकी मां के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। * पुलिस ने घायलों को पहुंचाया चिकित्सालय सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस ने घायलों को तुरंत चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के द्वारा बताया जा रहा हैं की सड़क के दोनों ओर चारपहिया और अन्य वाहन खड़े रहते हैं। इसके अलावा, दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर सामान रखने से भी यातायात बाधित होता है। जिसके कारण ऐसी घटनाएं अक्सर घटित होते रहती हैं। * सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग बनी समस्या टी.पी. नगर से लेकर बुधवारी बाईपास तक सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। पूर्व में भी बुधवारी घोड़ा चौक के पास सड़क किनारे लगी दुकानों में एक ट्रैलर घुसने जैसी घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिनमें राहगीर और दुकानदार बाल-बाल बचे थे। नगर निगम द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने कार्यवाही की जाती है, लेकिन स्थिति फिर से जस की तस हो जाती है। 16 फरवरी / मित्तल