16-Feb-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मुंबई के घाटकोपर निवासी 33 वर्षीय व्यवसायी ध्रुमिल पटेल ने आख़िरकार 10 दिनों तक जिंदगी से संघर्ष करते हुए दम तोड़ दिया। दरअसल विद्याविहार इलाके में एक 17 वर्षीय लड़के द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार कार से उनके स्कूटर को टक्कर मारने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, अस्पताल में 10 दिनों से अधिक समय तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद रविवार शाम को दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी, मीनल (32), जो इस दुर्घटना में घायल हो गई थीं, अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। ध्रुमिल के चाचा महेश पटेल द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर, तिलक नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया था और जांच से पता चला था कि एसयूवी को एक नाबालिग लड़का चला रहा था। पुलिस ने लड़के और उसके पिता को वाहन चलाने की अनुमति देने के लिए गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि ध्रुमिल की मौत के साथ, लापरवाही से मौत के लिए बीएनएस की संबंधित धाराएं और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधान एफआईआर में जोड़े जाएंगे। किशोर न्याय बोर्ड ने हाल ही में 17 वर्षीय लड़के को इस आधार पर जमानत दी थी कि उसकी बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आ रही थीं। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना 5 फरवरी को रात करीब 11.15 बजे सोमैया कॉलेज के पास हुई। दंपति परेल में अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने स्कूटर पर घर लौट रहे थे, जब कथित तौर पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे कई फीट दूर जा गिरे और उन्हें कई फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आईं। ध्रुमिल और मीनल को पहले राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उनकी चोटों की गंभीर प्रकृति के कारण घाटकोपर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों ने पहले कहा था कि ध्रुमिल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है। आख़िरकार रविवार शाम अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। संजय/संतोष झा- १६ फरवरी/२०२६/ईएमएस